त्योहार से पहले करें टीबी मरीजों का बकाया भुगतान : निदेशक
रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के मातृत्व स्वास्थ्य कोषांग की ओर से बुधवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में सुमन रोडमैप 2030 पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
इस अवसर पर सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशुओं की देखभाल और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को मिलने वाली 1,000 रूपए की मासिक सहायता का भुगतान त्योहार से पहले सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लंबित भुगतानों में देरी और स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि सिर्फ काम होने का दावा करने के बजाय धरातल पर परिणाम दिखने चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
कार्यशाला में सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना साझा की गई। इसके अलावा टीबी और कुष्ठ रोग उन्मूलन, नियमित टीकाकरण, यू-विन पोर्टल पर प्रविष्टि और एनएचएम कर्मियों के मानदेय और सहिया प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अश्विनी, डॉ राहुल किशोर सिंह, डॉ कमलेश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

