home page

योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुक तक पहुंचे, सुनिश्चित करें अधिकारी : दीपिका

 | 
योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुक तक पहुंचे, सुनिश्चित करें अधिकारी : दीपिका


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित एनेक्सी में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक हुई।

बैठक में केंद्र प्रायोजित विकास योजनाओं की प्रगति, वित्तीय उपलब्धियों और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने और स्वीकृत राशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि योजनाओं की समीक्षा सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह देखना बेहद जरूरी है कि योजनाओं का वास्तविक लाभुक तक पहुंच रहा है या नहीं। अधिकारी इसपर ध्यान दें।

उन्होंने योजनाएं पूरी होने के बावजूद राशि निर्गमन लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए ऐसे मामलों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-ग्राम-जी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का आकलन किया गया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और गैर-सरकारी सदस्यों ने जमीनी समस्याओं, तकनीकी बाधाओं और प्रशासनिक परेशानियों को उठाया। मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने और धरातल पर जाकर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने नई योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने और केंद्र-राज्य समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्य रूप से सांसद विजय हांसदा, विधायक सुरेश पासवान, राज सिन्हा, जगत माझी, मंजू कुमारी, ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar