रांची में जर्जर पानी की टंकी अचानक ढही, एक मजदूर की मौत
रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के कोतवाली थाना परिसर के पीछे मंगलवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बनी पुरानी और जर्जर पानी की टंकी अचानक भरभराकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना में एक मजदूर की दबने से माैत हाे गई।
इधर, टंकी के ध्वस्त होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि मलबे के अंदर एक और मजदूर दबा हो सकता है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम भी बुलाई गई। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया, ताकि पता चल सके कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति दबा है या नहीं। पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी लगातार मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि दो मजदूरों के अंदर दबे होने की सूचना मिली है। इसमें से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है। खबर लिखे जाने तक जेसीबी सहित सभी जरूरी संसाधन लगाकर मलबा हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोतवाली थाना के पीछे काफी पुरानी पानी की टंकी बनी हुई थी। लंबे समय से देखरेख के अभाव और पुराना होने के कारण उसकी हालत जर्जर हो चुकी थी। मंगलवार की शाम अचानक टंकी का ढांचा कमजोर पड़ गया, भरभराने लगा और देखते ही देखते पूरी संरचना जमीन पर आ गिरी।
टंकी गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जिस समय टंकी गिरी, उस दौरान वहां मजदूर मौजूद थे और संभव है कि वे मलबे में दब गए हों। इसी आशंका के आधार पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मलबा हटाने का काम शुरू कराया। जेसीबी से बड़े हिस्से का मलबा हटाया जा रहा है, जबकि पुलिस की टीम लगातार यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ है या नहीं। पुलिस और नगर निगम की टीम सावधानी के साथ मलबा हटाने में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

