home page

डिजिटल हेल्थ से बदलेगी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था : मंत्री

 | 
डिजिटल हेल्थ से बदलेगी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था : मंत्री


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ बुधवार को बीएनआर चाणक्य होटल में हुआ।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, 10-बेडेड टेली-आईसीयू, एचआरआईएस पोर्टल और झारखंड ई-हेल्थ पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, तकनीकी विशेषज्ञ, सिविल सर्जन और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

इस अवसर पर मंत्री इरफान अंसारी ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि डिजिटल हेल्थ स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुलभ और पारदर्शी बनाने के साथ गरीब और ग्रामीण मरीजों के लिए तकनीकी कवच का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सपने देखना आसान है, लेकिन उन्हें हकीकत में बदलने के लिए मेहनत और इच्छाशक्ति जरूरी है। मंत्री ने कहा कि डिजिटल हेल्थ के दम पर झारखंड अपने पैरों पर खड़ा होगा। टेलीमेडिसिन, टेली-आईसीयू और टेली-रेडियोलॉजी के माध्यम से दूरदराज के मरीजों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रोबोटिक सर्जरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की दिशा में भी काम हो रहा है।

मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के तहत कनेक्टिविटी, एचएमआईएस, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और डिजिटल डैशबोर्ड पर काम किया जा रहा है। एचएमआईएस से मरीज घर बैठे पंजीकरण, भुगतान और डॉक्टर का अपॉइंटमेंट ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि एचआरआईएस के जरिए स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति से सेवानिवृत्ति तक का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।

कार्यक्रम में डॉ आरएस शर्मा और अन्य विशेषज्ञों ने भी डिजिटल स्वास्थ्य की संभावनाओं पर विचार रखे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी सहित अन्य सहित लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar