विश्व मधुमेह दिवस पर रांची के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल और जिला अस्पतालों में लोगों को मधुमेह के लक्षण, जोखिम और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मधुमेह के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को मधुमेह की समय पर पहचान, रोकथाम और उचित उपचार के महत्व के बारे में बताया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि मधुमेह जीवनशैली से जुड़ी बीमारी है, जिसे संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और समय पर उपचार के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है।
इस अवसर पर लोगों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, योग और शारीरिक व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने तथा वजन नियंत्रित रखने की सलाह दी गई। साथ ही नियमित रूप से रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच कराने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को समय-समय पर मधुमेह की जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

