home page

हर माह 15 और 25 को होगा धोती-साड़ी का वितरण : उपायुक्त

 | 
हर माह 15 और 25 को होगा धोती-साड़ी का वितरण : उपायुक्त


रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत अब प्रत्येक माह 15 और 25 तारीख को अधिक से अधिक लाभुकों के बीच धोती, लुंगी और साड़ी का वितरण समारोहपूर्वक कराया जाएगा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया।

समाहरणालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक माह चावल दिवस का आयोजन किया जाता है, उसी तर्ज पर धोती-साड़ी वितरण के लिए भी निर्धारित तिथियों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वितरण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप गरिमापूर्ण तरीके से लाभुकों को योजना का लाभ देने का निर्देश दिया।

बैठक में जन वितरण प्रणाली से जुड़ी समस्याओं, वितरण व्यवस्था और आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और पीडीएस दुकानदारों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, एसडीओ कुमार रजत, एडीएम धनंजय, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और जिले के विभिन्न क्षेत्रों के पीडीएस दुकानदार मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar