home page

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रथ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश

 | 
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रथ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश


डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रथ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची की ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस क्रम में झारखंड के पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा गुरुवार को रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचीं और रथ यात्रा की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे मंदिर क्षेत्र का जायजा भी लिया। राजधानी रांची में रथ यात्रा और रथ मेला को लेकर तैयारी अंतिम चरण में है। गुरुवार को डीजीपी तदाशा मिश्र ने खुद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और दूसरे इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने रांची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन दल और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए।

डीजीपी ने निरीक्षण के बाद मंदिर समिति के सदस्यों से भी बातचीत की और उनके सुझावों को सुना। इसके बाद डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर सुझाव को सुना जाए और जो कारगर हो उपसर काम भी करें। चूंकि रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए गए। डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, ड्रोन कैमरों के उपयोग और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रांची एसएसपी, सिटी एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीजीपी को रथ यात्रा के लिए की गई तैयारियों और सुरक्षा योजना की विस्तृत जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे