home page

श्रावणी मेला की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने की समीक्षा, कड़े सुरक्षा इंतजाम के निर्देश

 | 
श्रावणी मेला की सुरक्षा को लेकर डीजीपी ने की समीक्षा, कड़े सुरक्षा इंतजाम के निर्देश


रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में आगामी राजकीय श्रावणी मेला-2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (डीजीपी ) तदाशा मिश्रा ने की। इस दौरान उन्होंने मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। त्वरित कार्रवाई के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन करने और पुलिस बलों के लिए आवास सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र, बाबा मंदिर परिसर, कांवरिया पथ और पार्किंग स्थलों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाए। ड्रोन, एआई आधारित कैमरों और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, महिला सहायता केंद्र, चाइल्ड हेल्प डेस्क और खोया-पाया केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मेडिकल इमरजेंसी, अग्निशमन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एंबुलेंस सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

वहीं डीजीपी ने जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और जसीडीह, धनबाद सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र में रूट मैप, हेल्पलाइन नंबर, बैरिकेडिंग, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में तदाशा मिश्रा ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना झारखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अंतरराज्यीय समन्वय के साथ पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस मुख्यालय और विभिन्न रेंज व जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे