झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
रांची, 28 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीजीपी ने अपराधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए।
डीजीपी ने विशेष रूप से संगठित आपराधिक गिरोहों द्वारा होने वाली आपराधिक वारदातों पर चिंता जताई। सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूत करना और डिजिटल निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सक्रिय कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीजीपी ने फरार अपराधियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने, अपराधियों की गिरफ्तारी में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने और प्राप्त आसूचनाओं का त्वरित सत्यापन कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने झारखंड में नक्सल परिदृश्य की समीक्षा करते हुए नक्सल विरोधी अभियानों को और तेज करने तथा आत्मसमर्पण नीति का प्रचार-प्रसार बढ़ाने का निर्देश भी दिया।
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को अपने स्थानीय नेटवर्क, मुखबिर तंत्र और डिजिटल निगरानी को सुदृढ़ करने, जमानत पर रिहा उग्रवादियों और अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने और आपराधिक गिरोहों, लूट, हत्या, चोरी, डकैती, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, साइबर अपराध समेत अन्य मामलों की शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
झारखंड के सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक एवं क्षेत्रीय उप-महानिरीक्षक को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने का दायित्व सौंपा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को दिशा-निर्देश देने तथा उग्रवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी करने का आदेश भी डीजीपी ने दिया।
बैठक में एडीजी अभियान टी. कंदसामी, एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक, आईजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, स्पेशल ब्रांच के आईजी प्रभात कुमार, आईजी अभियान डॉ. माइकल राज और आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे सहित कई वरीय अधिकारी मुख्यालय में मौजूद रहे। वहीं लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, चतरा और पलामू के पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

