home page

देबराज बनर्जी आईआरसीटीसी के पूर्वी जोन में संयुक्त प्रबंधक नियुक्त, जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने दी बधाई

 | 
देबराज बनर्जी आईआरसीटीसी के पूर्वी जोन में संयुक्त प्रबंधक नियुक्त, जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने दी बधाई


रांची, 29 मार्च (हि.स.)। रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल के पूर्व वाणिज्यिक प्रबंधक देबराज बनर्जी को इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) के ईस्ट जोन, रांची में संयुक्त महाप्रबंधक के पद पर डिप्युटेशन के आधार पर नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

अरुण जोशी ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि देबराज बनर्जी का लंबा प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता आईआरसीटीसी की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बनर्जी के नेतृत्व में यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने विशेष रूप से ट्रेनों में खान-पान सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में यात्रियों की सबसे बड़ी अपेक्षा साफ-सुथरी और विश्वसनीय भोजन व्यवस्था है। बनर्जी के अनुभव से इस क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

जोशी ने यह भी कहा कि नए नेतृत्व में आईआरसीटीसी की सेवाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और यात्री संतुष्टि के स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इससे टाटानगर, रांची, बोकारो जैसे प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।

गौरतलब है कि देबराज बनर्जी ने रेलवे के वाणिज्यिक विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। आईआरसीटीसी में उनकी नई जिम्मेदारी से पूर्वी क्षेत्र में सेवाओं के विस्तार और सुधार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar