उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने पूर्ण किया छठ व्रत
रामगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को रामगढ़ जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह जिले के विभिन्न छठ घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज एवं पूरे भक्तिभाव के साथ उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास सहित चार दिवसीय छठ महापर्व के सभी अनुष्ठानों का समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
डीसी ऋतुराज ने भी सपरिवार छत्तरमांडू स्थित बड़की नदी छठ घाट पहुंचकर उदीयमान भगवान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठ व्रतियों एवं जिलेवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। डीसी के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं भी प्रसारित की जा रही थीं।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर सभी प्रमुख छठ घाटों एवं आसपास के इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे। भीड़ नियंत्रण, वाहनों के सुचारु परिचालन और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

