home page

देवेन्द्रनाथ को अस्पताल से जयपाल स्टेडियम लाए प्रशासन : मुकेश

 | 
देवेन्द्रनाथ को अस्पताल से जयपाल स्टेडियम लाए प्रशासन : मुकेश


रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत आंदोलनरत छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो को सदर अस्पताल से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल पर वापस लाने की मांग गुरुवार को प्रशासन से छात्र-युवा प्रतिनिधियों ने की। इसे लेकर गुरुवार को छात्रों ने प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें मुकेश महतो, दीनबंधु मंडल और रामा अवतार महतो ने आंदोलन जारी रखने की बात कही।

मौके पर मुकेश महतो ने कहा कि देवेन्द्रनाथ महतो का शरीर अस्पताल में इलाजरत है, लेकिन उनका संघर्ष और संकल्प सत्याग्रह स्थल पर आंदोलनरत छात्र-युवाओं के साथ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से 10 अगस्त 2026 को विधानसभा मार्च के दिन जानबूझकर छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज की गई है वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार हर हाल में आंदोलन को कुचलना चाहती है। इसलिए देवेन्द्रनाथ महतो को जल्द से जल्द से आंदोलन स्थल पर लाने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि देवेन्द्रनाथ महतो ने अस्पताल से सत्याग्रह स्थल पर जाने की अनुमति के लिए अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने प्रशासन से चिकित्सकीय स्थिति और सक्षम चिकित्सक की सलाह के आधार पर उन्हें सत्याग्रह स्थल पर आने की अनुमति देने की मांग की। वहीं दीनबंधु मंडल ने कहा कि सीबीआई जांच सहित अन्य मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं को लेकर राज्य के छात्र-युवा अभ्यर्थियों में आक्रोश है।

रामा अवतार महतो ने कहा कि 10 अगस्त 2026 को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की के बाद देवेन्द्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 13वां दिन जारी है।

इधर, छात्रों ने प्रेस वार्ता में चार प्रमुख मांगें रखी। इनमें अस्पताल से सत्याग्रह स्थल आने की अनुमति, आवश्यक प्रशासनिक सहयोग और सुरक्षा, रोकने की स्थिति में लिखित कारण एवं कानूनी आधार तथा चिकित्सकीय कारणों से रोकने पर संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट या सक्षम प्राधिकारी की लिखित राय उपलब्ध कराने की मांगें शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar