पांच दिन के उपचार के बाद सदर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए देवेन्द्र नाथ महतो
रांची, 17 सितंबर (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी में निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे देवेन्द्र नाथ महतो को पांच दिनों के उपचार के बाद गुरुवार को सदर अस्पताल, रांची से डिस्चार्ज कर दिया गया। स्वास्थ्य में गंभीर कमजोरी के कारण उन्हें 13 सितंबर 2026 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक नियमित खान-पान और पर्याप्त आराम नहीं मिलने के कारण उनके शरीर में अत्यधिक थकान और कमजोरी की स्थिति बनी थी। जांच के दौरान कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी के कारण नसों और मांसपेशियों में जकड़न तथा खिंचाव की समस्या भी सामने आई।
अस्पताल से छुट्टी देते समय चिकित्सकों ने उन्हें नियमित उपचार के साथ पर्याप्त आराम करने और संतुलित खान-पान लेने की सलाह दी है।
अस्पताल से बाहर आने के बाद देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि शरीर थक चुका है, लेकिन छात्रों के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की लड़ाई कमजोर नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
महतो ने आंदोलन को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

