आस्था के साथ ही पर्यटन के दृष्टिकोण से भी कमड़े आश्रम का विकास जरूरी : सेठ
रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा है कि न केवल श्रद्धा और आस्था बल्कि पर्यटन की दृष्टिकोण से भी कमड़े बाबा आश्रम का विकास बहुत अधिक आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे दिव्य स्थान पर कमड़े बाबा से जुड़ी हुई सभी यादें, उनके ऊपर जमा दृढ़ विश्वास और उनकी आध्यात्मिक शक्ति न केवल आस्थावान श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करती है बल्कि इसके कारण जीवन में नई दृष्टि भी मिलती है।
कमड़े बाबा आश्रम की चहारदीवारी के शिलान्यास समारोह में पूजन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार के पास कोष की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है और न सिर्फ रांची बल्कि झारखंड के सभी आध्यात्मिक आस्था के केन्द्र और पर्यटन केन्द्रों का विकास एवं उन्नयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेकिन यह बात अफसोस की बात है कि राज्य सरकार की ओर से केंद्र के पास समय पर ऐसा कोई प्रस्ताव ही नहीं भेजा जाता है। इसका नतीजा आधिकारिक रूप से केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से न तो वैसी योजनाओं की स्वीकृति मिल पाती है और न ही उसके लिए राशि ही प्राप्त हो पाती है। इस मामले में उन्होंने टैगोर हिल के विकास का संदर्भ देते हुए कहा कि तब चार साल पहले राज्य की तत्कालीन पर्यटन सचिव से उन्होंने स्वयं बारंबार अनुरोध किया, लेकिन कोई प्रभाव नहीं हुआ और अंतत: किसी दूसरे मद से राशि प्राप्त कर टैगोर झील का अपेक्षित विकास हुआ।
सेठ ने कमड़े बाबा आश्रम ट्रस्ट के साथ ही प्रमुख सदस्य मनोज प्रसाद से अनुरोध किया कि वे इस संदर्भ में विस्तृत योजना तैयार करने की जिम्मेदारी निजी स्तर पर लें और उसे कार्य रूप में परिणत करने और अपेक्षित योगदान देने में उन्हें खुशी होगी।
इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह ने कहा कि वे बरसों से इस आश्रम के विविध समारोहों में शामिल होते रहे हैं और आज इस बात की हार्दिक खुशी है कि इस आश्रम के विकास के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण कदम उठाये जा रहा हैं।
रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक स्थल न सिर्फ रांची या झारखंड बल्कि देश की भी पहचान है।
अपने वक्तव्य में कमड़े बाबा आश्रम ट्रस्ट से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार मनोज प्रसाद ने कहा कि आश्रम के विकास के मार्ग में अनेक बाधाएं आईं लेकिन बाबा के आशीर्वाद से वह सभी दूर हो गई।
कार्यक्रम में कमड़े बाबा आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, सचिव बिपिन नाथ, सदस्य बसंत जालान, राजेश कुमार, अमित रंजन प्रसाद, मनोज प्रसाद, पवन कुमार भट्ट, सुग्रीव सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

