home page

बिहार के उपमुख्यमंत्री ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा

 | 
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा


देवघर, 25 अप्रैल (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शनिवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी पहुंचे। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संकल्प कराकर पूजा-अर्चना कराई। उप मुख्यमंत्री ने बाबा के दरबार में मत्था टेकते हुए बिहार सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से बिहार लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और उनकी यही प्रार्थना है कि राज्य तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने बताया कि बाबा से बिहारवासियों के कल्याण, किसानों की समृद्धि और देश में सुख-शांति की कामना की गई है। साथ ही आगामी श्रावणी मेला को लेकर कहा कि बिहार में पड़ने वाले मार्गों की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है, ताकि पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुल्तानगंज को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बिहार सरकार तेजी से काम कर रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि वहां की जनता में सरकार के खिलाफ माहौल दिखाई दे रहा है और इस बार परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन और पुरोहित समाज ने उनका स्वागत किया।

इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी सह मंदिर सहायक पदाधिकारी संतोष कुमार, रमेश परिहस्त सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy