home page

पुलिस ने साइबर गिरोह के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने साइबर गिरोह के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार


देवघर, 04 जून (हि.स)। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना की टीम ने छापेमारी कर तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और विभिन्न तरीकों से साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपितों में संतोष कुमार दास (38) और शेखर कुमार दास (22) एवं सुमन कुमार (22) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। साइबर थाना की जांच में बार-बार एक जैसी कार्यप्रणाली सामने आ रही है। अपराधी कभी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कॉल करते हैं, कभी कैशबैक का लालच देते हैं, तो कभी केवाईसी अपडेट या सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों की गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते हैं। इसके बाद बैंक खातों से रकम उड़ा ली जाती है।

यह स्थिति बताती है कि साइबर अपराधी अब भी लोगों की जागरूकता की कमी का फायदा उठाकर उनकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर लगातार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा करने से पहले पूरी तरह सावधानी बरतें। यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक, कस्टमर केयर या सरकारी अधिकारी बताकर पैसे या निजी जानकारी मांगता है, तो पहले उसका सत्यापन करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy