साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 06 साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर, 22 अगस्त (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जिले में संदिग्ध साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने 06 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें के पास से 12 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जिले के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी में किए जाने की पुष्टि हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर, कैशबैक, केवाईसी अपडेट, बैंकिंग सहायता और एपीके फाइल भेजने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे। इसके अलावा बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों की जांच में देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से भी इनके कनेक्शन की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपिताें में से दो अभियुक्तों का पूर्व से साइबर अपराध से संबंधित आपराधिक इतिहास भी पाया गया है। पुलिस की ओर से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की तकनीकी जांच के साथ-साथ आरोपिताें से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
देवघर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, पिन, बैंकिंग विवरण, केवाईसी संबंधी जानकारी या मोबाइल में कोई संदिग्ध एपीके फाइल इंस्टॉल न करें। फर्जी कस्टमर केयर या कैशबैक के नाम पर आने वाले कॉल और संदेशों से भी सावधान रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

