home page

(अपडेट) महापौर ने सचिव से मिलकर विकास के लिए मांगा सहयोग

 | 
(अपडेट) महापौर ने सचिव से मिलकर विकास के लिए मांगा सहयोग


देवघर, 16 अप्रैल (हि.स.)। देवघर नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के बाद निगम में शामिल किए गए 44 गांवों के सर्वांगीण विकास की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को देवघर के महापौर रवि कुमार राउत ने रांची में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान महापौर ने एक पत्र सौंपकर इन नए क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बजट आवंटित करने की मांग की।

प्रधान सचिव को सौंपे गए पत्र में महापौर ने अवगत कराया कि नगर निगम के विस्तारीकरण में 44 गांवों को जोड़ा गया है, जिनमें कई वार्ड शामिल हैं। इन क्षेत्रों के निवासी नियमित रूप से नगर निगम को होल्डिंग टैक्स सहित अन्य करों का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर ये क्षेत्र आज भी पेयजल, पोल लाइट, गली-नाली, सामुदायिक केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

मुलाकात के दौरान महापौर ने विशेष रूप से शहर में पार्किंग की समस्या, जर्जर सड़कों की मरम्मत और जलजमाव से मुक्ति के लिए बड़े नालों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की। महापौर ने तर्क दिया कि बाबा वैद्यनाथ की नगरी होने के कारण यहा प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, ऐसे में इन नए क्षेत्रों का विकास शहर के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए अनिवार्य है।

वहीं महापौर रवि कुमार राउत ने बताया कि प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और देवघर के विकास के लिए अपनी सहमति जताते हुए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही विभाग की ओर से अतिरिक्त बजट निर्गत किया जाएगा, जिससे इन 44 गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy