home page

सीएचओ नियुक्ति विज्ञापन रद्द कर संशोधित बहाली निकाले सरकार : सफी

 | 

रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 1038 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराने लगा है। विज्ञापन संख्या 05/2026 में प्रमाणपत्रों की मान्यता, दिव्यांग आरक्षण और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण रोस्टर में विसंगतियों का आरोप लगाते हुए छात्र नेता इमाम सफी ने नियुक्ति विज्ञापन तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने त्रुटियों को दूर कर संशोधित विज्ञापन जारी करने की मांग की है। इमाम सफी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया कि विज्ञापन में सीपीसीएच प्रमाणपत्र अनिवार्य किए जाने से एमएलपीएच प्रमाणपत्रधारी अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति है।

रांची विश्वविद्यालय सहित अन्य संस्थानों से एमएलपीएच प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता स्पष्ट नहीं है। इससे बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार नियुक्ति प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं। उन्होंने दिव्यांग अभ्यर्थियों के आरक्षण प्रावधानों को स्पष्ट करने और ओबीसी-1 और ओबीसी-2 के आरक्षण रोस्टर की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।

उनका आरोप है कि दोनों वर्गों के लिए निर्धारित सीटों की संख्या ईडब्यूएस की तुलना में कम दिखाई दे रही है। सरकार को इसका स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। इमाम सफी ने मांग की कि सीपीसीएच और एमएलपीएच प्रमाणपत्रों की मान्यता, दिव्यांग आरक्षण, पिछड़ा वर्ग के रोस्टर और चयन प्रक्रिया के नियमों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आवेदन की अंतिम तिथि से पहले सभी विसंगतियां दूर कर स्थानीय और योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar