home page

जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की संविधान यात्रा में सीबीआई-ईडी जांच की उठी मांग

 | 
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की संविधान यात्रा में सीबीआई-ईडी जांच की उठी मांग


रांची, 29 जुलाई (हि.स.)।

जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और लंबित मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को रांची में संविधान यात्रा निकाली। संविधान यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई और अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर सभी अभ्यर्थी धरने पर बैठ गए।

मौके पर छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि सरकार को हर हाल में छात्रों की मांगों को पूरा करे नहीं तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा दें।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में जेपीएससी-जेएसएससी की ओर से आयोजित परीक्षा रद्द करते हुए मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराने, जेपीएससी-जेएसएससी के अध्यक्ष और सदस्यों को अविलंब बर्खास्त करना शामिल है।

साथ ही अभ्यर्थियों ने कदाचार मुक्त एजेंसी का चयन करने की मांग भी की।

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक और लोकतांत्रिक है। वे संविधान के दायरे में रहकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को आंदोलन का स्थायी केंद्र बनाते हुए गुरुवार से सैकड़ों अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।

संविधान यात्रा के मद्देनजर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने हाथों में पोस्टर, बैनर और संविधान की प्रतियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से मार्च किया।

पोस्टरों पर जेपीएससी छात्रों के साथ खिलवाड़ बंद करो, जेपीएससी-जेएसएससी पर जवाबदेही तय करो, उत्पाद सिपाही भर्ती में सेटिंग-गेटिंग बंद करो और हेमंत सोरेन इस्तीफा दो जैसे नारे लिखे थे।

प्रदर्शन करने के दौरान बडी संख्या में छात्र-अभ्यर्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar