home page

राज्यपाल से भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के शिष्टमंडल ने की मुलाकात

 | 
राज्यपाल से भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के शिष्टमंडल ने की मुलाकात


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से सोमवार को भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के एक शिष्टमंडल ने रांची के लोक भवन में भेंट कर गिरिडीह जिले में स्थित जैन धर्म के पवित्र तीर्थ श्री सम्मेद शिखर की धार्मिक पवित्रता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के संबंध में ज्ञापन समर्पित किया।

ज्ञापन में शिष्टमंडल की ओर से उल्लेख किया गया है कि श्री सम्मेद शिखर जैन धर्म का सर्वोच्च तीर्थ है और मान्यता है कि 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों सहित अनेक सिद्धात्माओं ने इसी पावन पर्वतराज पर मोक्ष प्राप्त किया। यह तीर्थ करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की आस्था एवं आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने तीर्थराज की धार्मिक गरिमा एवं प्राकृतिक स्वरूप की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने, पर्वतराज एवं तीर्थ क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा प्रवेश मार्गों पर जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पहल करने का आग्रह किया। साथ ही, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने तथा स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

शिष्टमंडल ने राज्यपाल से इस संवेदनशील विषय पर राज्य सरकार एवं संबंधित प्रशासन को आवश्यक निर्देश प्रदान करने के लिए आग्रह किया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु निर्भीक होकर पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ तीर्थराज की वंदना कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे