home page

रक्षा राज्य मंत्री ने युवक की जान बचाने वाली आरपीएफ टीम को किया सम्मानित

 | 
रक्षा राज्य मंत्री ने युवक की जान बचाने वाली आरपीएफ टीम को किया सम्मानित


रांची, 19 मार्च (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रेलवे स्टेशन रांची में बीते 14 मार्च 2026 को एक युवक की ओर से 25,000 के हाई टेंशन तार से उलझ कर आत्महत्या करने के प्रयास के क्रम में जान बचाने वाले आरपीएफ जवान सब इंस्पेक्टर सूरज पांडेय और उनकी टीम को सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि आत्महत्या करने के प्रयास के क्रम में युवक 25,000 के हाई टेंशन तार से उलझ कर झुलस गया था। उस युवक की जीवन रक्षा के लिए आरपीएफ की टीम ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। इसके कारण आरपीएफ की उस टीम के सब इंस्पेक्टर सूरज पांडेय, हेड कांस्टेबल रबि शंकर प्रधान, एसके झा, कुमार रंजीत, अभय कुमार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने कार्यालय में प्रशस्ति पत्र, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि उस युवक की जान बचाने के लिए आरपीएफ के जवानों ने जो मानवता और वीरता दिखाई है उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति के जीवन बचाने के लिए दिया गया योगदान नहीं है, बल्कि आरपीएफ की उस छवि को दर्शाने वाला है, जो इन्हें प्रशिक्षण के दौरान दिया जाता है। सेठ ने कहा कि यह इस बात का भी प्रतीक है कि यदि हम एकजुट रहें तो बड़ी से बड़ी समस्या का त्वरित समाधान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस टीम को सम्मानित कर, उनका उत्साहवर्धन किया यह उनके लिए भी गौरव की बात है। ऐसे कर्मयोगी युवाओं का यह कार्य समाज के हर वर्ग को प्रेरणा देने वाला है। सम्मान समारोह के दौरान चित्रांश विचार मंच के प्रबुद्धजनों ने भी आरपीएफ की इस टीम को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में राजीव सहाय, अमरेंद्र श्रीवास्तव, एसडी सिंह, सुबेश पांडेय, साकेत बिहारी, प्रखर जयपुरियार, अशोक प्रसाद, प्रमोद सिन्हा मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar