home page

रांची में झारक्राफ्ट प्रस्तुति ‘मिस यूनिवर्स झारखंड 2026’ का आयोजन, दीपाली रिया बनीं विजेता

 | 
रांची में झारक्राफ्ट प्रस्तुति ‘मिस यूनिवर्स झारखंड 2026’ का आयोजन, दीपाली रिया बनीं विजेता


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में झारक्राफ्ट की प्रस्तुति ‘मिस यूनिवर्स झारखंड 2026’ और ‘मिस टीन झारखंड 2026’ प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बोकारो की दीपाली रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मिस यूनिवर्स झारखंड 2026’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि वैष्णवी दुर्गा को ‘मिस टीन झारखंड 2026’ के रूप में चुना गया।

कार्यक्रम के आयोजक और स्टेट डायरेक्टर नीतीश साह ने सोमवार को बताया कि प्रतियोगिता कुल आठ राउंड में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 प्रतियोगिता में शायनी मिंज को फर्स्ट रनर-अप और तुषिता सूर्यवंशी को सेकंड रनर-अप घोषित किया गया। राज्य भर से कुल 30 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया, लेकिन जूरी की पहली पसंद दीपाली रिया रहीं। विजेता दीपाली को मनिका विश्वकर्मा ने क्राउन पहनाया। वहीं, मिस टीन झारखंड 2026 की विजेता वैष्णवी दुर्गा को सत्ताक्षी किरण ने ताज पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सबसे चर्चित चेहरा और जूरी सदस्य के रूप में मनिका विश्वकर्मा मौजूद रहीं। उनके साथ सत्ताक्षी किरण और मरीना तिर्की ने भी जूरी की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘झारक्राफ्ट कल्चरल राउंड’ भी रहा, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने झारक्राफ्ट के पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक किया। इस दौरान झारक्राफ्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर गरिमा सिंह भी प्रतिभागियों के साथ रैंप पर उतरीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रांची की मेयर रोशनी खलखो उपस्थित रहीं। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में गरिमा सिंह, रूचि सेठ, चंद्रा, मनीष, अभिषेक प्रधान, नैना और अमर सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar