home page

जल जीवन मिशन की लंबित योजनाओं को समय पर पूरा कराएं अधिकारी : डीडीसी

 | 
जल जीवन मिशन की लंबित योजनाओं को समय पर पूरा कराएं अधिकारी : डीडीसी


खूंटी, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा को लेकर गुरुवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त मो जावेद हुसैन के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह समिति के उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रकाश ने की।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने सिंदरी-पुरनानगर बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना सहित अन्य लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कोयनारा एवं जयपुर-बनई जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और संवेदकों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) की प्रखंडवार समीक्षा के दौरान अड़की और रनियां प्रखंड की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अगस्त माह तक अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जिले के 1,678 गांवों में जलापूर्ति योजनाओं का हैंडओवर किया जा चुका है, जबकि शेष पांच योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। अब तक 154 गांवों को 'हर घर जल' प्रमाणन प्राप्त हो चुका है और शेष 34 गांवों का प्रमाणन अगस्त माह तक कराने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 325 गांव ओडीएफ प्लस फाइव स्टार श्रेणी में शामिल हो चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 301 शौचालयों का जियो टैगिंग कार्य पूरा किया गया है। मुरहू स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में विद्युत कनेक्शन का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।

बैठक में गोबरधन योजना और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के संचालन में स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने, योजनाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों को सौंपने एवं जलसहियाओं के मानदेय भुगतान पर भी सहमति बनी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा