home page

मतदान केंद्र पर पहुंचे डीसी, एसआईआर कार्य का लिया जायजा

 | 
मतदान केंद्र पर पहुंचे डीसी, एसआईआर कार्य का लिया जायजा


मतदान केंद्र पर पहुंचे डीसी, एसआईआर कार्य का लिया जायजा


रामगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज ने साड़म और बड़कीपोना में संचालित विशेष डिजिटाइजेशन कैंपों का जायजा लेकर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति परखी। उन्होंने डिजिटाइजेशन, जनसुनवाई और फॉर्म-6 से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के साथ पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने अधिकारियों और कर्मियों से डिजिटाइजेशन की स्थिति, प्राप्त आवेदनों, नागरिकों की समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि एसआईआर से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 सहित निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की सही जानकारी देने और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।

डीसी ने कहा कि डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नागरिकों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ प्राप्त दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन संबंधी प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक दर्ज की जाएं।

डीसी ने बताया कि नागरिकों की सुविधा और लंबित कार्यों के निष्पादन के लिए 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। वर्तमान में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी प्रखंडों में डिजिटाइजेशन सह हेल्पडेस्क संचालित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को एसआईआर, डिजिटाइजेशन और फॉर्म-6 से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

डीसी ने मतदाताओं से अपील की कि वे एसआईआर से संबंधित आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराएं। साथ ही पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रविन्द्र गुप्ता सहित संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश