एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परियोजना का डीसी ने किया निरीक्षण
चतरा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त रवि आनंद ने टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा सुपर थर्मल पावर परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली उत्पादन, कोयला आपूर्ति एवं भंडारण, संयंत्र संचालन तथा राख प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परियोजना प्रमुख मनीष खेत्रपाल ने उपायुक्त को परियोजना की वर्तमान परिचालन स्थिति, बिजली उत्पादन, कोयले की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी दी। उपायुक्त ने संयंत्र के सुचारु संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान राख प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने परियोजना संचालन के साथ पर्यावरणीय मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन और एनटीपीसी के बीच बेहतर समन्वय के साथ परियोजना से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर महाप्रबंधक अजय केरहकर, गणपति भट्ट, जुनैद जावेद, अपर महाप्रबंधक तनमय दत्ता सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

