जनजातीय समुदायों के विकास के लिए कार्य करें अधिकारी : दिलेश्वर
गुमला, 30 अप्रैल (हि.स.)।
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने जिले के सभी अधिकारी और कर्मियों को जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने आवास योजना के तहत लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करते हुए लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभ सुनिश्चित करने पर ध्यान दें। योजना का उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय समुदायों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त गुरूवार को समाहरणालय में पीएम जनमन योजना अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक में बोल रहे थे। बैठक में उन्होंने जिले में आवास, सड़क, पेयजल एवं बुनियादी सुविधाओं की प्रगति कार्य योजना में तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्य योजनाओं की प्रगति का विस्तृत अवलोकन करते हुए ठोस दिशा-निर्देश दिया।
उन्होंने जिलेवासियों को सडक, आवास, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं की कार्य प्रगति योजनाओं को तेज करें। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन तथा सतत आपूर्ति सुनिश्चित करें। विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों को भी समय पर पूर्ण किया जाए। बैठक में बताया गया कि पीएम जनमन के तहत जिले में 23 सड़कों पर कार्य प्रगति पर है।
उपायुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश देते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। पेयजल आपूर्ति, भवन निर्माण तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन, एलडीएम गुमला, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

