गोला प्रखंड में विकास योजनाओं और जनहित सेवाओं का डीसी ने लिया जायजा
रामगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)।
डीसी ऋतुराज ने बुधवार को गोला प्रखंड का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्हाेंने विभिन्न सरकारी संस्थानों, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन करने के साथ-साथ आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीसी ने बीडीओ कार्यालय परिसर में निर्मित एग्री क्लिनिक सेंटर को और प्रभावी बनाने को कहा। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पूरबडीह का निरीक्षण किया। वहां स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, नर्सिंगडीह के भवन में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया।
इसके बाद डीसी नेमरा गांव पहुंचे, जहां स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित नाडेप, सोकपिट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया।
उन्होंने गांव में प्लास्टिक सेग्रीगेशन सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य उपकेंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। वहां निर्माणाधीन जल मीनार का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
डीसी ने क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

