डीसी ने की राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा, बाेले-समन्वय के साथ करें काम
रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन (इंटरनल रिसोर्सेज) की समीक्षात्मक बैठक कर परिवहन, उत्पाद, निबंधन, खनन, मत्स्य, राज्यकर, बाजार समिति, नीलाम पत्र और माप-तौल विभाग के राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने सभी विभागों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्थिति में राजस्व संग्रहण पिछले वर्ष से कम नहीं होना चाहिए। सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग करें और निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करें।
उत्पाद विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 326 छापेमारी कर 8,645 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। विभाग का लक्ष्य पिछले वर्ष के लगभग 130 करोड़ रुपये के मुकाबले इस वर्ष करीब 190 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह करना है। उपायुक्त ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज करने का निर्देश दिया। निबंधन विभाग को संपत्तियों का पंजीकरण संबंधित कार्यालयों में ही सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए। परिवहन, राज्यकर, खनन और मत्स्य विभागों को बकाया देयों की समयबद्ध वसूली और नियमित अभियान चलाकर राजस्व बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में बाजार समिति, नीलाम पत्र शाखा और माप-तौल विभाग के कार्यों की भी समीक्षा हुई। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर चर्चा करते हुए उपलब्ध मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आवश्यक प्रस्ताव समय पर भेजने का निर्देश दिया गया। बैठक में मुख्य् रूप से अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, सहायक समाहर्ता आस्था शरण समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

