home page

हाई स्कूल डिमरा पहुंचे डीसी, लापरवाही पर 09 शिक्षकों का रोका वेतन

 | 
हाई स्कूल डिमरा पहुंचे डीसी, लापरवाही पर 09 शिक्षकों का रोका वेतन


हाई स्कूल डिमरा पहुंचे डीसी, लापरवाही पर 09 शिक्षकों का रोका वेतन


रामगढ़, 07 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज गुरुवार को गोला दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्लस टू उच्च विद्यालय, डिमरा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कई गंभीर अनियमितता पाईं। इस पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुपस्थित 09 शिक्षकों का वेतन रोक दिया। निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। जगह-जगह गंदगी देखी गई और विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का संधारण अद्यतन नहीं पाया गया। इस पर डीसी ने प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सभी पंजीयों का अद्यतन संधारण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने विद्यालय में मौजूद साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और शौचालय फंक्शनल स्थिति में नहीं पाया। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं। इस पर डीसी ने कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने को कहा।

डीसी ने विशेष रूप से शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालयों में केवल उपस्थिति ही नहीं, बल्कि प्रभावी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए नियमित कक्षाओं का संचालन, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 01 से 08 तक के कई शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। जिससे पठन-पाठन कार्य बाधित हो रहा था। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित 09 शिक्षकों के वेतन निकासी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के रसोईघर की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। मध्याह्न भोजन से संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार लाने और स्वच्छता के मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

डीसी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रखंड और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश