home page

स्कूल रूआर-2026 (बैक टू स्कूल) अभियान का उपायुक्त ने किया शुभारंभ

 | 
स्कूल रूआर-2026 (बैक टू स्कूल) अभियान का उपायुक्त ने किया शुभारंभ


रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिला में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, पारगमन और ड्रॉपआउट रोकथाम के उद्देश्य से स्कूल रूआर-2026 (बैक टू स्कू्ल) कार्यशाला का शुभारंभ शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय सभागार में किया।

इसी क्रम में 13 अप्रैल को सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तर की कार्यशाला का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में किया जाएगा।

15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जिले के सभी विद्यालयों में स्कूल रूआर-2026 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस दौरान अनामांकित (आउट ऑफ स्कूल) और छिजीत (ड्रॉप आउट) बच्चों को चिन्हित कर अभियान के माध्यम से विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

घर-घर जाकर अनामांकित बच्चों का कराएं नामांकन

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अभियान अवधि के दौरान सभी शिक्षक घर-घर जाकर अनामांकित और छिजीत बच्चों को चिन्हित करेंगे और उनका शत-प्रतिशत नामांकन निकट के विद्यालय में सुनिश्चित करेंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों में रह रहे बच्चों का भी शत-प्रतिशत पारगमन निकटतम विद्यालय में किया जाएगा।

इसके अलावा कक्षा 01 से 11 तक पढ़ रहे प्रत्येक बच्चे का अगली कक्षा में सुचारू पारगमन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही यू-डाइस के ड्रॉप बॉक्स में उपलब्ध बच्चों को अभियान के दौरान सभी शिक्षक अनिवार्य रूप से अपने विद्यालय के यू-डाइस में जोड़ेंगे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने देना और ड्रॉपआउट की समस्या को समाप्त करना है।

बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विनय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, बादल राज, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak