home page

छठ घाटों की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा, दीपावली से पहले कार्य पूरा करने का निर्देश

 | 
छठ घाटों की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा, दीपावली से पहले कार्य पूरा करने का निर्देश


रामगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैथा प्राचीन मंदिर के समीप स्थित तालाब का भ्रमण किया और वहां चल रहे साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर तैयारियां युद्धस्तर पर पूरा करने और दीपावली से पूर्व घाटों से संबंधित सभी आवश्यक कार्य हर हाल में संपन्न करने का निर्देश दिया। ताकि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

डीसी ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने, जलाशयों में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए रास्तों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

इसके अलावा डीसी ने बताया कि शुक्रवार को रामगढ़ नगर परिषद और रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र के छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा बैठक में दोनों निकायों के संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों का अद्यतन प्रगति रिपोर्ट लेकर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी तथा सफाई पर्यवेक्षक रोशन कुमार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश