उपायुक्त ने किया नावाडीह आरओबी का निरीक्षण
देवघर, 06 मई (हि.स.)। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने नावाडीह आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिज पर समुचित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया, ताकि रात में यात्रियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे ब्रिज और पहुंच मार्ग पर साइनेज, रिफ्लेक्टर लाइट और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जानकारी दी कि यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आरओबी पर वाहनों का परिचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है।
इसी क्रम में 7 मई 2026 को अपराह्न 4 बजे से नावाडीह आरओबी को आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा कारणों से केवल दोपहिया (बाइक) और छोटे चारपहिया वाहनों को ही आरओबी से गुजरने की अनुमति होगी, जबकि बड़े और मालवाहक वाहनों के लिए अभी भी आरओबी के नीचे बनी सर्विस लेन का उपयोग अनिवार्य रहेगा।
इस आरओबी के शुरू होने से सत्संग-भीरखीबाद मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। खासकर एम्स देवघर और देवघर एयरपोर्ट जाने वाले मरीजों व यात्रियों के समय की बचत होगी। आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान भी इससे आवागमन सुगम होगा और आपात स्थिति में एम्स के साथ समन्वय बेहतर हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

