उपायुक्त ने जनसमस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
रांची, 29 सितंबर (हि.स.)।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान नाई समाज के प्रतिनिधियों ने यूट्यूब पर नाई समाज के प्रति कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक गीत प्रसारित किए जाने की शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, झारखंड एसोसिएशन ऑफ द डेफ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर नवंबर 2026 में झारखंड में प्रस्तावित द्वितीय नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर चर्चा की।
प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रतियोगिता झारखंड एसोसिएशन ऑफ द डेफ के सहयोग से आयोजित की जाएगी, जो ऑल इंडिया क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ द डेफ तथा डीसीआईएफ से संबद्ध है।
इसी क्रम में रातू रोड निवासी एक महिला ने अपनी जमीन को कथित रूप से अवैध तरीके से बेचकर बिल्डर को हस्तांतरित किए जाने की शिकायत की। महिला ने धोखाधड़ी के माध्यम से भूमि हस्तांतरण का आरोप लगाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले के तथ्यों की जांच कर शीघ्र उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए न्यायसंगत एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील है और हर नागरिक की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी आस्था शरण मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

