रामगढ़ में 22 टीबी मरीजों के बीच बांटी गई पोषण पोटली, डीसी ने जाना स्वास्थ्य का हाल
रामगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में टीबी मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से शनिवार को पोषण पोटली का वितरण किया गया। उपायुक्त (डीसी) ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 22 टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी गई। इस दौरान उपायुक्त ने मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ती प्रियंका कुजूर, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज ने संयुक्त रूप से मरीजों के बीच पोषण पोटली वितरित की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मरीजों से उनके स्वास्थ्य, नियमित दवा सेवन और उपचार के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित रूप से दवा लेने के साथ पौष्टिक और संतुलित आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीज निर्धारित समय पर दवाइयों का सेवन करें और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उपचार का पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें।
उपायुक्त ने कहा कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। नियमित दवा सेवन, उचित पोषण और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श से इसका समुचित उपचार संभव है। उन्होंने मरीजों को भरोसा दिलाया कि उपचार के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने पोषण सहायता को टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मरीजों से उपचार के प्रति जागरूक और सकारात्मक रहने की अपील की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

