home page

ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएं, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : उपायुक्त

 | 
ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएं, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : उपायुक्त


रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की प्रखंड स्तरीय टीमों को ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाएं हैं। ऐसे में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त रविवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-बी सभागार में जेएसएलपीएस की प्रखंड स्तरीय टीमों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान टीमों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीमों के सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी संचालन हो रहा है। इन प्रयासों को आगे भी निरंतर जारी रखने की जरूरत है।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड स्तरीय टीमों को सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्रामीण महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी और योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब उनकी जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचे और पात्र लाभुकों को समय पर इसका लाभ मिले।

बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों और कार्यों के दौरान सामने आ रही समस्याओं की जानकारी उपायुक्त को दी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने और समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ आगामी कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित जिले के सभी प्रखंडों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम), कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर (सीसी) और एफटीसी उपस्थित थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar