लोहरदगा के उपायुक्त ने 'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' पर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, नशामुक्त समाज का किया आह्वान
लोहरदगा, 30 मई (हि.स.)। 'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' के अवसर पर लोहरदगा में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जिलेवासियों से तंबाकू एवं तंबाकूजनित उत्पादों के सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और यह कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर तंबाकू निषेध से संबंधित संदेशों, नारों और जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगा। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। उन्होंने कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए तंबाकू से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनों का सम्मान करने तथा नशामुक्त और स्वस्थ झारखंड एवं भारत के निर्माण में अपना सकारात्मक योगदान देने की शपथ भी ली।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा समेत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सहिया कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा आम नागरिक भी शामिल हुए।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

