home page

जेटेट परीक्षा केंद्रों पर डीसी-एसपी का औचक निरीक्षण, कदाचार पर सख्ती के निर्देश

 | 
जेटेट परीक्षा केंद्रों पर डीसी-एसपी का औचक निरीक्षण, कदाचार पर सख्ती के निर्देश


देवघर, 01 नवंबर (हि.स.)। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने आरएल सर्राफ स्कूल, रेड रोज स्कूल, आर. मित्रा स्कूल, सेंट फ्रांसिस स्कूल और देवघर कॉलेज सहित जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दल के अधिकारियों और पुलिस बल के जवानों को संयुक्त जिला आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।

इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित और अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कंट्रोल रूम में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई, ताकि परीक्षा के दौरान गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

दो पालियों में आयोजित परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने और किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला कोषागार कार्यालय में बनाए गए वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और प्रबंधन का जायजा लेते हुए प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy