home page

रांची में कृषि विभाग के अधिकारी के घर डकैती, 10 लाख नकद समेत लाखों के गहने लूटे

 | 
रांची में कृषि विभाग के अधिकारी के घर डकैती, 10 लाख नकद समेत लाखों के गहने लूटे


रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड इलाके में मंगलवार की अहले सुबह हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अपराधी घर से 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के कीमती गहने लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय के अनुसार, अपराधियों की संख्या करीब पांच थी। सभी एक कार से रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान में पहुंचे थे। घर में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और कीमती गहनों की तलाशी लेकर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी कार से मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने घर में प्रवेश करने के बाद परिवार के सदस्यों को हथियार दिखाकर डराया और लूटपाट की। अपराधियों ने घर में रखी नकदी और गहनों को अपने कब्जे में ले लिया। गृहस्वामी की ओर से फिलहाल 10 लाख रुपये नकद लूटे जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा कितने मूल्य के गहने लूटे गए हैं, इसका आकलन अभी नहीं हो सका है।

घटना के समय अपराधियों ने किस तरह घर में प्रवेश किया और वारदात को कितनी देर में अंजाम दिया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर अपराधियों के आने-जाने के तरीके और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

डकैती की सूचना मिलने पर कांके थाना पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी जांच टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है, जिससे कि अपराधियों की संख्या, उनकी पहचान और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन के संबंध में जानकारी मिल सके।

मौके पर स्वान दस्ते को भी लगाया गया, जबकि तकनीकी जांच टीम घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस आसपास के इलाके में अपराधियों की गतिविधियों और उनके भागने के संभावित रास्तों की जानकारी भी जुटा रही है। फिलहाल किसी अपराधी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने बताया कि करीब छह अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। गृहस्वामी की ओर से फिलहाल 10 लाख रुपये नकद लूटे जाने की बात बताई गई है। उन्होंने कहा कि लूटे गए गहनों की कीमत और उनकी संख्या के संबंध में अभी जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस अधिकारी के बयान और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में अपराधियों की संख्या को लेकर अंतर है। स्थानीय लोगों ने करीब पांच अपराधियों के घर में घुसने की बात कही है, जबकि ग्रामीण एसपी ने छह के करीब अपराधियों के शामिल होने की जानकारी दी है। ऐसे में अपराधियों की वास्तविक संख्या जांच के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे