home page

शिक्षा से ही झारखंड का भविष्य होगा मजबूत,विद्यार्थी उठाएं योजनाओं का लाभ : विधायक

 | 
शिक्षा से ही झारखंड का भविष्य होगा मजबूत,विद्यार्थी उठाएं योजनाओं का लाभ : विधायक


पूर्वी सिंहभूम, 29 जुलाई (हि.स.)। झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी उन्नति का पहिया साइकिल वितरण योजना के तहत बुधवार को डुमरिया प्रखंड मुख्यालय में पोटका के विधायक संजीव सरदार ने विद्यार्थियों को साइकिल वितरित किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ना है, ताकि कोई भी छात्र-छात्रा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे।

विधायक ने कहा कि उन्नति का पहिया योजना विद्यार्थियों की शिक्षा यात्रा को आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, समाज एवं झारखंड का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव और राज्य के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के कक्षा आठ के कुल 368 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण योजना से लाभान्वित किए जाने की जानकारी दी गई। इस योजना से विशेष रूप से ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी,जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नीलेश कुमार मुर्मू,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी,जिला परिषद सदस्य पार्वती मुंडा,प्रखंड प्रमुख गंगामनी हांसदा,झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन,बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के, भगत हांसदा,रामदास हेमब्रम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थेे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक