साइबर ठगी के आरोप में तीन गिरफ्तार
देवघर, 22 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बिंझा-पिपरा गांव निवासी सहादत अंसारी, गुलफराज अंसारी और सरफराज अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने बिंझा-पिपरा गांव में छापेमारी कर तीनों आरोपिताें को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किया गया। बरामद मोबाइल एवं सिमकार्ड की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आरोपिताें के साइबर ठगी में संलिप्त होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोिपत फर्जी गूगल पे, फोन पे और एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक और बैंक संबंधी विभिन्न प्रलोभन देकर ठगी करते थे।
इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर लोगों के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोिपत एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर ग्राहकों को झांसे में लेते थे और एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद या दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी करते थे।
पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और सिमकार्ड को जांच के लिए खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित आरोपिताें के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

