home page

शादी समारोह से 20 लाख का गहना उड़ाने वाला शातिर चोर मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

 | 
शादी समारोह से 20 लाख का गहना उड़ाने वाला शातिर चोर मध्य प्रदेश से गिरफ्तार


रांची, 20 मई ( हि.स.)। रांची के बरियातू में एक शादी समारोह से 20 लाख रुपये के गहने उड़ाने वाले शातिर चोर जैकी सिंह को रांची पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से 16 लाख के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि एक मई को रांची के मैथन मैरेज हॉल में एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात अपराधियों ने दुल्हन का गहनों और रुपयों से भरा बैग एवं मोबाइल चोरी कर ली थी।

मामले को लेकर बरियातू थाना (कांड सं0-79/26) के तहत दर्ज हुआ था। इस कांड के उद्भेदन और कांड में संलिप्त अज्ञात अपराधियों और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए डीएसपी सदर, रांची के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार और तकनीकी सहयोग से अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े अभियुक्त जैकी सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जैकी मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के गुलखेड़ा गांव का रहने वाला है।

पूछताछ के कम में आरोपित की ओर से अपना अपराध स्वीकार किया गया। आरोपित की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण तथा 96,800 रुपये नगद बरामद किया गया।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि एमपी का गुलखेड़ा गांव चोरी के लिए खासा बदनाम है। इस गांव के लोग अलग-अलग राज्यों में जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। रांची के शादी समारोह में चोरी करने वाला जैकी सिंह भी इसी गांव का रहने वाला है। जैकी सिंह ट्रेन से रांची पहुंचा था और एक बच्चे के साथ शादी समारोह में गेस्ट बनकर पहुंचा और वहां से दुल्हन का गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गया था

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बरियातू थाने के दो सब इंस्पेक्टर एक सप्ताह से अधिक समय तक मध्य प्रदेश में रहकर जैकी की रेकी करते रहे, ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके। जैकी का सही पता मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से उसे गिरफ्तार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे