टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी पहल, पोषण किट वितरण के लिए सीएसआर टीम सम्मानित
गोड्डा, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर मंगलवार को आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय समारोह में टीबी मरीजों की सेवा और सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान “निश्चय मित्र” योजना के तहत टीबी रोगियों को न्यूट्रिशनल किट उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जितपुर खनन परियोजना की सीएसआर टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
जिला स्तर पर उपायुक्त ने सराहा
गोड्डा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अंजली यादव ने टीम के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने संगठन द्वारा मरीजों को दिए जा रहे पोषण सहयोग को उपचार प्रक्रिया के लिए संजीवनी बताया। जितपुर खनन परियोजना की सीएसआर टीम की ओर से सदानंद सिंह ने उपायुक्त के हाथों प्रशंसा पत्र ग्रहण किया।
राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित
जितपुर खनन परियोजना की इस सामाजिक पहल की गूंज राजधानी रांची तक सुनाई दी। राज्य स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने परियोजना के प्रयासों को सराहा। इस गौरवशाली क्षण में खनन परियोजना के महाप्रबंधक रितेश कुमार तिवारी और संतोष कुमार ने सीएसआर टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निश्चय मित्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना की ओर से वितरित किए जा रहे पोषण किट न केवल मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहे हैं, बल्कि उनके शीघ्र स्वस्थ होने में भी सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

