home page

सावन की पहली सोमवारी पर शिवालियों में उमड़ी भक्तों की भीड़

 | 
सावन की पहली सोमवारी पर शिवालियों में उमड़ी भक्तों की भीड़


सावन की पहली सोमवारी पर शिवालियों में उमड़ी भक्तों की भीड़


रामगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले में सावन मास की पहली सोमवारी बड़ी धूमधाम से मनाई गई। जिले के सभी शिवालियों में शिव भक्तों का तांता लगा रहा। शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और पूरे दिन भजन कीर्तन चलता रहा। शहर के प्रसिद्ध कैथा शिव मंदिर, नेहरू रोड स्थित शंभू शिवालय मंदिर, प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर, टूटी झरना शिवालय मंदिर के साथ-साथ अन्य सभी मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। इस मौके पर भक्तों ने 16 सोमवार व्रत की शुरुआत भी की। सुहागिन महिलाओं ने 16 श्रृंगार कर भगवान शिव की आराधना की और अपने पति की लंबी उम्र की प्रार्थना की।

इस अवसर पर सभी शिवालयों में पूजा कमेटी की ओर से सावन की पहली सोमवारी से ही अपनी तैयारी शुरू कर दी गई है। शिवालियों को रंग-रोगन कराने के बाद वहां आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। इस मौके पर कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर के श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में पूरे दिन शिव भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण होता रहा।

सावन में रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग रही है। सोमवार के दिन बाबा बैजनाथ को जलाभिषेक कर लौटे कई शिव भक्तों ने मां छिन्नमस्तिका का दर्शन किया। साथ ही मंदिर प्रांगण में स्थित शिवालय पर जलाभिषेक किया। रजरप्पा मंदिर में लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश