home page

शतचंडी के 63वें महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

 | 
शतचंडी के 63वें महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़


रामगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का प्रतीक रामगढ़ का बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर इन दिनों भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। मंदिर परिसर में 63वें सतचंडी एवं श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण संयुक्त महायज्ञ का अनुष्ठान पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जारी है।

15 नवंबर से शुरू हुए १० दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना और यज्ञ में भाग ले रहे हैं। चंडी पाठ, मानस पाठ और हवन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा है।

किला मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आयोजित इस महायज्ञ की परंपरा वर्ष 1963 में तत्कालीन मंदिर पुजारी सह व्यवस्थापक पंडित खेमानंद शर्मा ने शुरू की थी। तब से शहर के श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रत्येक वर्ष इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। छह दशक से अधिक समय से जारी यह आयोजन रामगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

महायज्ञ में दीपक चौरसिया और उनकी धर्मपत्नी कुसुम चौरसिया यजमान की भूमिका निभा रहे हैं। मंदिर के प्रधान पुजारी सह ज्योतिषाचार्य पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा आचार्य के रूप में अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। वहीं, श्रीरामचरितमानस पाठ का वाचन व्यास सुरेंद्र पांडेय कर रहे हैं।

पाठकर्ता के रूप में अंकित पाठक, बृजेश पाठक, धीरज पाठक, राजकिशोर पाठक, अखिलेश तिवारी, गोविंद दत्त शर्मा, चंदन पांडेय, राजन मिश्रा और ब्रह्मा मुरारी मोहन शर्मा सहित अन्य विद्वान आचार्य धार्मिक अनुष्ठानों में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह श्रीगणेश पूजन, पंचांग पूजन, सर्वदेव पूजन और सतचंडी पाठ किया जा रहा है। दोपहर में श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण का पाठ होता है, जबकि संध्या बेला में हवन के माध्यम से वैदिक मंत्रों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठता है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो रहे हैं।

किला मंदिर प्रबंध समिति के कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को हवन एवं अटूट भंडारे के साथ 63वें संयुक्त महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। समिति और मंदिर के प्रधान पुजारी ने बताया कि यह महायज्ञ रामगढ़ जिले के सभी निवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने जिले के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश