home page

धान की फसल के नुकसान का गांवों में जाकर आंकलन करें अधिकारी : इरफान

 | 
धान की फसल के नुकसान का गांवों में जाकर आंकलन करें अधिकारी : इरफान


रांची, 29 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने राज्य में होने वाली चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव, बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका के बीच किसानों की फसल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने और किसान हित में कार्य करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर धान की फसल को हुए नुकसान का तत्काल स्थलीय सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत देने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करें। और वास्तविक क्षति का निष्पक्ष आकलन करें। प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर पात्र किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में लापरवाही या खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने जिला प्रशासन को आपदा प्रबंधन की तैयारियां दुरुस्त रखने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने को कहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने और सरकारी अस्पतालों में कम-से-कम 10 अतिरिक्त बेड, आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मंत्री ने वज्रपात, सर्पदंश और वर्षाजनित बीमारियों से निपटने के लिए भी तैयारी रखने की बातें कही। उन्होंने कहा कि सभी उपायुक्त प्रखंडवार रिपोर्ट लेकर क्षति का समेकित प्रतिवेदन राज्य को भेजें। ताकि राज्य सरकार को नुकसान की समेकित जानकारी मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar