home page

अवैध खनन पर सख्ती, खनिज परिवहन वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य

 | 
अवैध खनन पर सख्ती, खनिज परिवहन वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य


रामगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में शनिवार को जिला समाहरणालय के सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस दौरान बैठक में जिले में अवैध खनन, अवैध बालू परिवहन एवं खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई और कार्यों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। डीसी ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

डीसी ने अवैध खनन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मुहानों को पूरी तरह बंद कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं से भी अवैध मुहाने से खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अच्छी तरह बंद कराया जाए, ताकि दोबारा वहां से खनन नहीं हो सके।

बैठक में डीसी ने खनिजों के परिवहन से संबंधित सभी वाहनों में जीपीएस लगाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

डीसी ने जिले में संचालित कारखानों और फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। जांच के दौरान निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने वाली संस्थाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश