home page

सीताराम येचुरी की दूसरी पुण्यतिथि पर माकपा ने दी श्रद्धांजलि

 | 
सीताराम येचुरी की दूसरी पुण्यतिथि पर माकपा ने दी श्रद्धांजलि


रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की रांची पश्चिमी जिला कमिटी की ओर से शनिवार को पार्टी के पूर्व महासचिव और प्रख्यात मार्क्सवादी चिंतक सीताराम येचुरी का द्वितीय स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम विश्वकर्मा मंदिर गली, मेन रोड स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय के सफदर हाशमी सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सीताराम येचुरी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद जिला कमिटी के सचिव प्रफुल्ल लिंडा की अध्यक्षता में संकल्प सभा आयोजित की गई।

सभा को पार्टी के राज्य सचिवमंडल के सदस्य समीर दास, सुखनाथ लोहरा और संजय पासवान तथा जिला कमिटी के भवन सिंह, एसके राय और ललित मुंडा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि सीताराम येचुरी का जीवन और संघर्ष पार्टी कार्यकर्ताओं तथा मेहनतकश जनता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मजदूरों, किसानों और मेहनतकश लोगों को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने पूंजीवादी और साम्राज्यवादी आर्थिक नीतियों, सांप्रदायिक शक्तियों तथा संविधान पर हमला करने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि येचुरी ने छात्र नेता से लेकर पार्टी महासचिव, सांसद और मार्क्सवादी चिंतक के रूप में देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभा में सीताराम येचुरी के विचारों और राजनीतिक जीवन से प्रेरणा लेते हुए संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में डॉ. कीर्ति सिंह मुंडा, सीमा केरकेट्टा, प्रदीप महतो, लुईस तिग्गा, रामयज्ञ मिश्र, राजू मुंडा, मोनू मुंडा, सुमंत कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar