गोवर्धन पूजा पर शिवा फाउंडेशन ने किया गौ-सेवा कार्यक्रम, गायों को खिलाया भोग
रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को शिवा फाउंडेशन की ओर से कांके-पिठौरिया स्थित बाड़ू नवा टोली के प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय परिसर की गौशाला में विशेष गौ-सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गायों को सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई और उन्हें खिचड़ी सहित पौष्टिक आहार खिलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला की साफ-सफाई और गायों के श्रृंगार से हुई। इसके बाद अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने गायों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। कपूर और दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी गई। गायों को हरा चारा, ताजी सब्जियां, चोकर, चना, गुड़, रोटी और विशेष रूप से तैयार पीठा खिलाया गया। अतिथियों ने अपने हाथों से गायों को गौ-ग्रास भी दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिवा फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका और समाजसेविका दीपा बंका ने गौ-सेवा को सामाजिक दायित्व बताया। विशिष्ट अतिथि बीके राजमती बहन, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और स्थानीय सरपंच अशोक उरांव ने भी गौ-सेवा के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण और जीवदया का संदेश देती है। गौ-सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर उर्मिला देवी, लीला देवी, कविता सेन सहित अन्य लोग मौजूद थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

