गौवंश से लदा वाहन पकड़ाया, एक आरोपित हिरासत में
धनबाद, 21 मई (हि.स.)। धनबाद के मटकुरिया चेकपोस्ट के पास गुरुवार को गौ रक्षा दल के सदस्यों ने गौवंश से लदे एक मैजिक वाहन को पकड़ लिया। इस मामले में वाहन सहित एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर बैंक मोड़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दल के सदस्यों ने वाहन को रोका, जबकि एक अन्य वाहन मौके से फरार हो गया। पकड़े गए वाहन से एक बछड़ा और एक बैल बरामद किया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौ रक्षा दल के सदस्य अक्षत पासवान ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि गोधर चेकपोस्ट की ओर से गौवंश लदे वाहन गुजर रहे हैं। सूचना के बाद दल के सदस्य सक्रिय हुए और मटकुरिया चेकपोस्ट के पास घेराबंदी कर एक मैजिक वाहन को पकड़ लिया। हालांकि दूसरा वाहन मौके से फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए वाहन में एक बछड़ा और एक बैल मौजूद था, जिसके बाद वाहन, गौवंश और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विश्व हिन्दू परिषद के जिला विभाग संपर्क प्रभारी द्वारका प्रसाद तिवारी ने गौ रक्षा दल के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौवंश हिंदू समाज की आस्था से जुड़ा विषय है और इसे बचाने के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है। इधर बैंक मोड़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

